Team @News Dastak रायपुर | छत्तीसगढ़ के नए मुखिया विष्णुदेव साय आज रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन उनको दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही दो डिप्टी सीएम और मंत्रिमंडल के शपथ लेने की संभावना है। हालांकि अभी कौन-कौन मंत्री के रूप में शपथ लेंगे, नाम तय नहीं हो पाए हैं। जिस तरीके से भाजपा शीर्ष नेतृत्व का मुख्यमंत्री पद के लिए नेताओं का चयन चौंकाने वाला रहा है। इस तरह चर्चाओं का बाजार गर्म है कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर रखा जा सकता है और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। हालांकि इस बात की भी पूरी संभावना है कि आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दो डिप्टी सीएम जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और लोरमी से विधायक अरुण साव और कवर्धा विधायक विजय शर्मा शपथ ले सकते हैं। फिर बाद में मंत्रिमंडल का विस्तार करने के लिए राजभवन में किसी भी दिन एक शपथ ग्रहण समारोह और आयोजित किया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह समेत 6 केंद्रीय मंत्री और 5 राज्यों के CM भी शामिल होंगे, साइंस कॉलेज मैदान में पचास हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।